CG NEWS : क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर लाखों की ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर – फर्जी कॉल एप से क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर देश भर में ठगी करने वाले दिल्ली के 2 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने कुम्हारी निवासी रोहित कुमार साहू को अपने झांसे में लेकर लगभग 9 लाख रुपए की ठगी की थी। गिरफ्तार आरोपियों में मनीष सिंह उर्फ लक्की मूलतः हरियाणा का और आरोपी वसीम अहमद उत्तर प्रदेश का निवासी है। प्रकरण का मुख्य आरोपी मनीष सिंह उर्फ लक्की ठगी की घटना को अंजाम देने के लिए वसीम अहमद को पेमेन्ट के लिए गेट-वे उपलब्ध कराने पर कमीशन देता था। आरोपियों के खिलाफ रेंज साईबर थाना रायपुर में अपराध क्रमांक 01/2023 धारा 420 भादवि. 66सी, 66डी आई.टी. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
जानकारी के अनुसार कुम्हारी निवासी रोहित कुमार साहू ने साईबर रेंज थाना रायपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बैंक खाता पण्डरी मोवा, रायपुर ब्रांच स्थित एक्सिस बैंक में है। 12 जून को प्रार्थी के मोबाईल फोन में एक्सिस बैंक के टोल फ्री नम्बर 18605005555 सेे किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर क्रेडिट कार्ड संबंधी जानकारी दे रहा था। इसी दौरान प्रार्थी के बैंक खाता में अलग-अलग किश्तो में लगभग 5 लाख रूपये क्रेडिट और उसके बाद लगभग 4 लाख रूपये डेबिट भी हो गये। जिस संबंध में प्रार्थी द्वारा बैंक में जानकारी दी गई जिस पर बैंक द्वारा प्रार्थी के बैंक खाते को ब्लॉक कर दिया गया था। प्रार्थी द्वारा अपने होम लोन की किश्त को पटाने हेतु बैंक जाकर अपने खाते से उसमें लगे ब्लॉक को हटवाया गया। इसके बाद 30 जून से 1 जुलाई के बीच प्रार्थी के खाते से कुल 9,18,002/- रूपये उसके खाते से आहरित कर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थी के साथ धोखाधड़ी कर ठगी की गई। जिस पर रेंज स्तरीय सायबर थाना रायपुर में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 01/2023 धारा 420 भादवि. 66सी, 66डी आई.टी. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
टीम के सदस्यों द्वारा दिल्ली पहुंचकर लगातार कैम्प करते हुए आरोपी की पड़ताल करने पर यह सुनिश्चित हुआ कि आरोपी द्वारा बहुत ही सर्तकता से अपनी स्वयं की पहचान छिपाते हुये इस तरह की ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपी द्वारा उपयोग किये गये मोबाईल नंबर फर्जी होने के साथ ही बैंक खातों के पते भी दूसरे स्थानों के थे। आरोपी द्वारा उस मोबाईल नंबर एवं खातों का उपयोग सिर्फ और सिर्फ ठगी की वारदात को कारित करने के लिए किया गया था। दिल्ली में कैम्प कर रही टीम को तकनीकी विश्लेषण के आधार पर घटना में संलिप्त आरोपी मनीष सिंह उर्फ लक्की के संबंध में महत्वपूर्ण जानाकरी प्राप्त हुई। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी की पतासाजी करते हुये आरोपी मनीष सिंह उर्फ लक्की को पकड़ने में सफलता मिलीं। घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथी दिल्ली निवासी वसीम अहमद जो उसे कुछ कमीशन पर ऑनलाईन ठगी के पेमेन्ट हेतु गेट-वे उपलब्ध कराता था के साथ मिलकर ठगी की घटना को अंजाम देना बताया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा घटना में संलिप्त वसीम अहमद की भी पतासाजी कर पकड़ा गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी के पैसों से क्रय की गई 01 नग आईफोन 14 कीमती लगभग 1,50,000/- रूपये तथा घटना में प्रयुक्त 03 नग मोबाईल फोन जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पूर्व में प्रकरण में 6,50,000/- रूपये को होल्ड कराया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
लक्की कुमार पिता शेर सिंह उम्र 30 साल निवासी म.नं. 36-डी गली नं. 03 स्वामी सदानंद कॉलोनी भलसवा डेयरी विजय विहार रोहणी थाना भरसवा डेयरी नई दिल्ली हाल म.नं. सी-19 दूसरा माला हरगोविन्द विहार विजय विहार बिहार फेस-02 दिल्ली। स्थाई पता सोनीपत हरियाणा के निवासी।
वसीम अहमद पिता सईद अहमद उम्र 25 साल निवासी मयूर विहार फेस-1 आचार्य निकेतन गली नं. 02 अंकित डेयरी थाना मयूर विहार फेस-1 नई दिल्ली । स्थाई पता सरसवां तह. नकुड़ जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश।
कार्रवाई में निरीक्षक गौरव तिवारी प्रभारी रेंज साईबर थाना रायपुर, रेंज साईबर थाना रायपुर से उपनिरीक्षक मुकेश सोरी, सउनि मोह. कय्यूम, एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट से प्र.आर. गुरूदयाल सिंह, महेन्द्र राजपूत, चिन्तामणी साहू, म.प्र.आर. बसंती मौर्य, आर. विजय पटेल, प्रमोद बेहरा, मोह. राजिक, मुनीर रजा, नितेश सिंह, अनुरंजन तिर्की, म.आर. बबीता देवांगन तथा थाना सिविल लाईन से उपनिरीक्षक यामन कुमार देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिंका रही।